लोहरौली। विकास खंड बेलहर कला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कंधरापार के राजस्व गांव पकरडीहा निवासी पूर्व ग्राम प्रधान विजय प्रकाश एवं उनके परिवार के कई सदस्यों का नाम मतदाता सूची से गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में मेंहदावल एसडीएम तथा संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नाम शामिल कराने की मांग की है।
विजय प्रकाश पुत्र स्वर्गीय रामराज ने बताया कि उनका तथा उनके परिवार के लगभग सात सदस्यों का नाम अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी सूचना के नाम काट दिए गए हैं। विजय प्रकाश पूर्व में ग्राम प्रधान रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी पूनम रानी जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य रह चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि उनके पुत्र सौरभ कुमार और गौरव कुमार, भाई विनोद कुमार, छोटी बहू रोमन तथा 75 वर्षीय माता शारदा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची में नहीं हैं। परिवार के सदस्य लगभग 20 वर्षों से गांव में निवास रह रहे हैं तथा सरकारी राशन की दुकान का संचालन भी करते हैं। उनका कहना है कि अब तक प्रत्येक मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज रहता था, लेकिन इस बार प्रकाशित अंतिम सूची में उनके परिवार और कुछ समर्थकों के नाम गायब हैं।
पीड़ित ने एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में नाम फिर दर्ज कराने तथा संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।