संवाद न्यूज एजेंसी
तिघरा (संतकबीरनगर)। बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम बकहा में दलित बस्ती की जमीन और आवागमन के रास्ते पर कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल से न्याय की गुहार लगाई।
ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंह ‘’गुड्डू’’ के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। पूर्व विधायक ने अधिकारियों से बातचीत कर जल्द से जल्द जमीन कब्जा मुक्त कराने का आश्वासन ग्रामीणाें को दिलाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग और रसूखदार लोग दलित बस्ती की जमीन और मुख्य रास्ते पर अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे बस्ती के लोगों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनका रास्ता बंद हो सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने मौके से ही एसडीएम खलीलाबाद से फोन पर बात की। उन्होंने राजस्व और पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जमीन को कब्जामुक्त कराने तथा कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब और कमजोर व्यक्ति का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूर्व विधायक से मिलने वालों में सत्यम, दुर्गा, रामप्रीत, मोहन, आकाश, कन्हैया, गीता देवी, पार्वती, राम शब्द, फूला देवी, परमपाती और सदानंद समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल रहे।