ध्वस्त हुई पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। हर घर नल से जल योजना क्षेत्र में अब तक मुकाम पर नहीं पहुंच सकी है। पाइप लाइन ध्वस्त होने की वजह से टोटी तक पानी न पहुंचने की समस्या का समाधान के लिए पाइपलाइन की मरम्मत कार्य जल निगम ने शुरू कर दिया है। निगम के लोगों का दावा है कि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो मार्च 2024 तक बंद पड़े सभी ओवरहेड टैंक चालू हो जाएंगे।
धनघटा क्षेत्र के चपरा पूर्वी, छपरा मगरबी, बालमपुर, अशरफपुर, जिगिना, बभनौली, मुंडेरा शुक्ल, रामपुर उत्तरी, सेमरडाडी, गोपीपुर, प्रजापतिपुर समेत कई गांवों में ओवरहेड टैंक का निर्माण पांच वर्ष से लेकर 15 वर्ष में पूर्ण हो चुका है। गांवों में पाइप लाइन बिछाने के बाद ओवरहेड टैंक का ट्रायल जब हुआ तो पानी टोटी तक नहीं पहुंचा। ट्रायल के समय से ओवरहेड टैंक बंद पड़े हैं। जिसकी मरम्मत की मांग गांव के लोग करते चले आ रहे हैं, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। बंद पड़े ओवरहेड टैंक के पाइप लाइन के मरम्मत में लगने वाली लागत का एस्टीमेट बनाकर जल निगम ने शासन को भेजा तो शासन ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसे चालू करने का निर्देश देते हुए रकम भी जारी कर दिया। इन ग्राम पंचायतों में बिछाई गई करीब 80 किलोमीटर पाइपलाइन के मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। निगम के जिम्मेदारों का कहना है कि पाइप लाइन के मरम्मत के साथ ही गांव के जो घर टोटी से वंचित हैं, उन घरों पर टोटी लगाई जाएगी। पाइपलाइन की मरम्मत कर गोपीपुर गांव में बने ओवरहेड टैंक को चालू कर दिया गया है। इसी तरह बारी-बारी सभी परियोजनाओं पर मरम्मत किया जाएगा।
हर घर नल से जल योजना के तहत घर-घर शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए कार्य चल रहा है। नए ओवरहेड टैंकों के निर्माण के साथ ही जिन गांव की पाइपलाइन में समस्या थी, उन गांव में मरम्मत कार्य किया जा रहा है। हर गांव में पाइप लाइन की अलग-अलग लंबाई है। इस कारण उस पर मरम्मत कार्य में कम और अधिक खर्च भी आएगी, लेकिन मार्च 2024 तक बंद पड़ी सभी पानी की टंकी चालू होकर हर घर जल पहुंचना शुरू कर दिया जाएगा।
संजय कुमार जायसवाल, अधिशासी अभियंता जल निगम