सेमरियावां। ब्लॉक क्षेत्र के गंगैचा के मनरेगा मजदूरों ने मजदूरी न मिलने से गांव में रोजगार सेवक के घर पर प्रदर्शन किया। मजदूरों का आरोप है कि आठ माह पूर्व काम करवाया गया था, लेकिन अब तक मजदूरी नहीं मिल सकी है। उनके परिवार के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामराज, राजाराम, कौशल्या देवी, मुनिलाल, फूलमती देवी, राम नरायन, भानमती, धनई, रहीसुन्निसा, वाजिद अली, अख्तर हुसैन, शाहेदा खातून, रहीसुन्निसा आदि ने बताया कि पिछले वर्ष मई में गांव के सिकरिया नाले की खुदाई की थी। काम पूरा होने के दस माह बाद भी करीब 25 लोगों की 97600 रुपये मजदूरी नहीं मिली है।
रोजगार सेवक और ग्राम प्रधान से जब पूछो तो बताते हैं कि तकनीकी कारणों से धन रुका हुआ है, जल्द ही मिल जाएगा। लोगों का कहना था कि अगर जल्द मजदूरी नहीं मिली तो हम जिलाधिकारी से मिल कर शिकायत करेंगे।
इस संबंध में रोजगार सेवक महेंद्र कुमार ने बताया कि मई में काम समाप्त होने के बाद दिसंबर में उसकी एफटीओ की गई। इसमें कुछ मजदूरों को मजदूरी मिली है जबकि 25 को नहीं मिली ब्लाक पर पूछने पर तकनीकी खराबी की बात कह जल्द ही मजदूरी मिलने की बात बताई जाती है।
यही बात हम मजदूरों को बताते हैं। ग्राम प्रधान रियाज अहमद ने कहा कि मजदूरों की समय से मजदूरी न मिलने से प्रधानों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग किया कि जल्द ही मजदूरी का भुगतान किया जाए। इस संबंध में पूछने पर एपीओ सूर्य प्रकाश चौधरी ने बताया कि तकनीकी कारणों से कुछ मजदूरों की मजदूरी नहीं दी जा सकी थी। जल्द ही लोगों को मजदूरी मिल जाएगी।