धनघटा। क्षेत्र के मलौली गांव के निकट रविवार को मार्ग दुर्घटना में 17 वर्षीय भतीजे की मौत के बाद सोमवार को 35 वर्षीय चाचा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। चाचा-भतीजे की मौत के बाद कटया गांव में मातम है। रविवार को भतीजे का तो सोमवार को चाचा का दाह संस्कार हुआ।
रविवार को घर से रिश्तेदारी में जाने के लिए कटया गांव से बाइक से निकले महेंद्र के साथ भतीजा राजेंद्र की मलौली चौराहे पर रामजानकी मार्ग पर पिकअप से टक्कर हो गई। इसमें 17 वर्षीय राजेन्द्र की मौत हो गई। जबकि चाचा महेंद्र की हालत नाजुक देख डाॅक्टरों ने मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया।
रविवार को परिजन राजेंद्र की मौत से सदमे में थे। रविवार को दाह संस्कार के बाद घर लौटे परिजन महेंद्र की सलामती की दुआ कर रहे थे, लेकिन सोमवार को महेंद्र ने भी मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चाचा-भतीजे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने महेंद्र की मौत की पुष्टि की।