जेसीबी की सहायता से मेंहदावल बाईपास को अतिक्रमण मुक्त बनाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
शहर में अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को नगर पालिका परिषद व प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान मेंहदावल बाईपास चौराहे के आसपास हुए अतिक्रमण को हटवाया गया।
शुक्रवार को दोपहर में उपजिलाधिकारी सदर उमेश चंद्र निगम, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, सीओ उत्तम सिंह, नगर पालिका परिषद के इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह आदि के नेतृत्व में नगर पालिका कर्मियों ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। जेसीबी के साथ पहुंचे नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने मेंहदावल बाईपास के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटवाना शुरू किया। जेसीबी पास आता देख दुकानदार खुद ही सड़क के किनारे तक फैले अतिक्रमण को हटाने में जुट गए।
करीब एक घंटे तक चले अभियान के दौरान बाईपास चौराहे को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। एसडीएम उमेश चंद्र निगम ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान की अभी तो यह शुरूआत है। आगे भी अतिक्रमण हटाने का कार्य चलता रहेगा। उन्होंने शहर में सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटा लेने की बात कहीं। कहा कि शहर में जहां पर भी अतिक्रमण है, उस स्थान का चिह्नित कर लिया गया है। पूरा प्रयास है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त करा दिया जाए।