संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद बार एसोसिएशन व सिविल बार एसोसिएशन की आम सभा की बैठक दीवानी न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता चेंबर में हुई। इसमें हाल ही में उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश जिसमें न्यायिक कार्य से विरत रहने पर रोक तथा किसी अधिवक्ता साथी की मृत्यु होने पर शोक प्रस्ताव विलंब से किए जाने का आदेश हुआ है। इसको लेकर समस्त बार एसोसिएशन के आह्वान पर न्यायिक कार्य से विरत रहने के संबंध में बैठक में चर्चा हुई।
जनपद बार अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि उक्त आदेश वाक एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन का प्रयास मानते हुए तथा अपने आपको प्रदेश व्यापी विरोध प्रदर्शन से जोड़ते हुए शुक्रवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया तथा उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश पर पुनर्विचार करने आग्रह किया गया। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने तथा उक्त आदेश के विरोध में दीवानी न्यायालय, कलक्ट्रेट तहसील व अन्य न्यायालयों में कार्य नहीं किया।
इसी प्रकार ग्राम न्यायालय मेंहदावल, तहसील मेंहदावल में भी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे और विरोध प्रदर्शन किया। बैठक में महामंत्री सुनील कुमार पांडेय, सिविल बार महामंत्री राकेश मिश्र, मेंहदावल तहसील अध्यक्ष गोपाल राय, कृष्ण मोहन मिश्र, अवधेश कुमार पांडेय, बीडी राय, राणा रविंद्र सिंह, अजमल अंसारी, अंकित बरनवाल आदि मौजूद रहे।