नवसृजित न्यायालय के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन
- सिविल न्यायालय से पांच किलोमीटर दूर खोला जा रहा नवसृजित न्यायालय
संवाद न्यूज एजेंसी
ंतकबीरनगर। सिविल न्यायालय से पांच किलोमीटर दूर खोले जा रहे नवसृजित न्यायालय के विरोध में अधिवक्ताओं ने मंगलवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने एक ही जगह सभी न्यायालय संचालित करने की मांग की। इसके साथ ही चेतावनी दी कि उनकी मांगें पूरी होने तक न्यायालय का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
जनपद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशि कुमार ओझा ने कहा कि सिविल न्यायालय से पांच किलोमीटर दूर पुरानी तहसील में न्यायालय खोला जा रहा है। जिससे अधिवक्ताओं को आने-जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। अगर एक ही जगह सभी न्यायालय संचालित होते हैं तो सहुलियत होगी। उन्होंने कहा कि उनकी मांग पूरी होने तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री राकेश जी मिश्र ने बताया कि अधिवक्ताओं द्वारा न्यायिक कार्य में सहयोग न करने का लिया गया निर्णय मंगलवार को प्रभावशाली रहा था। पूरे दिन किसी भी अधिवक्ता द्वारा कोई भी नया मुकदमा दाखिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय इलाहाबाद से मिलने के लिए समय मांगा गया है। जल्द ही उनके प्रतिनिधि मंडल मिलेगा। इस दौरान महामंत्री शत्रुधन यादव, सत्य नारायण द्विवेदी, राणा रविंद्र सिंह, सुभद्रनाथ राय, महीप बहादुर पाल, कृष्ण मुरारी मिश्र, संतोष चौधरी, नवनीत पांडेय, सुशांत मिश्र, सच्चिदानंद पांडेय, सिद्धार्थ पांडेय, निरंजन सिंह, अनिल कुमार गौतम, पवन माझी, योगेंद्र कुमार, अरविंद चौधरी, दिग्विजय नाथ मिश्र, दुर्गेश मिश्र, जितेंद्र मिश्र, रविंद्र तिवारी, नरेंद्र चौधरी, विकास त्रिपाठी, सत्यवीर शुक्ला, विवेक प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।