संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार ने शासन द्वारा जारी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स की अक्तूबर-2025 की बुकलेट में कुछ विभागों द्वारा उनके विभागीय योजनाओं की प्रगति खराब पाए जाने के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने को गंभीरता से लेते हुए तीन अधिकारियों को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि और छह अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम द्वारा दिए गए निर्देश के बावजूद जनपद के कुछ विभागीय अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं के समयबद्ध व गुणवत्तापरक क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण मुख्यमंत्री डैशबोर्ड फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स की अक्तूबर-2025 की बुकलेट में जनपद की रैंकिंग प्रभावित हुई है। डीएम ने जनपद के संबंधित विभागीय अधिकारियों जिनके लापरवाही व विभागीय कार्यों के प्रति उदासीन रवैया के कारण सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग प्रभावित हुई है।
इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
इसके साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, परियोजना अधिकारी नेडा, अधिशाषी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), उपायुक्त स्वतः रोजगार, परियोजना निदेशक डीआरडीए को कारण बताओ नोटिस दी है और आगामी तीन दिवस में कारण बताओ नोटिस का जवाब मांगा है।
साथ ही अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित योजनाओं में गुणात्मक प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया है। कार्य में सुधार नहीं होने पर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।