सांथा विकास खंड के मोतीपुर गांव में विकास कार्यों की जांच करते हुए अधिकारीगण। स्रोत - ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी सांथा बाजार। सांथा विकास खंड के मोतीपुर गांव में शुक्रवार को एडीओ पंचायत समेत अन्य ब्लाक कर्मियों ने विकास कार्यों में हुई अनियमितता की जांच की। जांच के दौरान दर्जन भर से अधिक ऐसे कार्य मिले, जो केवल प्रस्ताव में ही हैं, उनपर न तो कोई कार्य हुआ है और न ही भुगतान कराया गया है। हर कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
गांव के ही निवासी शिकायतकर्ता सतीश चौधरी ने ग्राम पंचायत में वर्ष 2020 से 2025 तक कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता करने का आरोप लगाया था। उन्होंने सरकारी धन का बंदरबांट करने की शिकायत की थी। जिसके क्रम में एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दकी, जेई विनीत कुमार, सचिव कर्णजीत सिंह जांच करने पहुंचे। सर्वप्रथम राधेश्याम, राम संवारे के घर के सामने लगे नलकूप की जांच की गई।
इसके बाद फूलचंद के घर से प्रेमचंद के घर तक नाली खड़ंजा निर्माण कार्य। जुबेर के घर के पीडब्ल्यूडी सड़क तक नाली रिपेयरिंग कार्य का माप व गुणवत्ता का जांच की गई। राजाराम के घर के सामने कुआं मरम्मत कार्य। प्राथमिक विद्यालय के सामने मिट्टी पटाई कार्य, स्ट्रीट लाइट व राजेंद्र के घर से कैलाश के घर तक नाली निर्माण कार्य की जांच की गई। एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दकी ने बताया कि एक दर्जन से अधिक कार्य केवल कार्ययोजना में हैं, इन पर न तो कार्य हुआ है, और न ही भुगतान कराया गया है।
उन्होंने कहा कि जांच की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। जैसा निर्देश होगा उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान शिकायत कर्ता सतीश कुमार चौधरी, जेई विनीत कुमार, सचिव कर्णजीत सिंह यादव, प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार, अभिषेक उपाध्याय, इकबाल अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।