बघौली ब्लॉक परिसर में भारतीय किसान युनियन के कार्यकर्ताओं ने पंचायत लगायी इस दौरान एडीओ आईएसबी ?
- फोटो : KHALILABAD
ज्ञापन लेने पहुंचे एडीओ को जबरन पंचायत में बैठाया
संतकबीरनगर। बघौली ब्लॉक परिसर में बुधवार को चल रही भाकियू की पंचायत के समापन पर बीडीओ की जगह ज्ञापन लेने पहुंचे एडीओ (आईएसबी) को कार्यकर्ताओं ने जबरन पंचायत में बैठा लिया। जानकारी होने पर करीब 40 मिनट बाद बखिरा के प्रभारी एसओ व बघौली बीडीओ मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर कार्यकर्ताओं ने पंचायत समाप्त करने की घोषणा की।
भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) ने छह सूत्री मागों के लेकर बुधवार को बघौली ब्लॉक परिसर में पंचायत का आयोजन किया। शाम करीब चार बजे पंचायत खत्म होने पर ज्ञापन लेने के लिए बीडीओ बघौली धीरेंद्र सिंह की जगह एडीओ आईएसबी जयप्रकाश पंचायत स्थल पर पहुंचे। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने उन्हें पंचायत में बैठा लिया और बीडीओ बघौली के मौके पर आने की मांग करने लगे। भाकियू कार्यकर्ता ग्राम पंचायत सचिवों की लापरवाही, सागठ ग्राम पंचायत में कोई भी आवास नहीं मिलने, राशन कार्ड व अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अपात्रों को देने का आरोप लगा रहे थे। मामला गरमाता देख इसकी जानकारी बखिरा थाने के प्रभारी एसओ बृजभान और बीडीओ बघौली धीरेंद्र सिंह को दी गई। इस पर प्रभारी एसओ फोर्स लेकर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास शुरू किया। तब तक बीडीओ भी पहुंच गए और भाकियू पदाधिकारियों से वार्ता के बाद ज्ञापन लिया। बीडीओ धीरेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि पत्रक में दर्शाए गए सभी मामलों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता रणजीत सिंह, प्रदेश सचिव संजय श्रीवास्तव ,जिलाध्यक्ष राकेश पटेल, ब्लाक अध्यक्ष रामनरायन निषाद, राजमन चौधरी समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।