संतकबीरनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबंद्ध कॉलेजों में 31 जुलाई के बाद प्रवेश बंद हो जाएगा। क्योंकि समर्थ पोर्टल लॉक कर दिया जाएगा। विद्यार्थियों के प्रवेश की सूचना समर्थ पोर्टल पर ही दर्ज करनी होती है। अभी तक कॉलेजों में काफी संख्या में स्नातक की सीटें रिक्त रह गई हैं।
जिले में करीब 67 डिग्री कॉलेज हैं, इसमें एक एडेड व एक राजकीय महाविद्यालय शामिल हैं। जुलाई माह से ही इन कॉलेजों में प्रवेश प्रकिया चल रही थी। लेकिन अभी तक काफी संख्या में सीटें रिक्त बताई जा रही हैं। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने स्नातक में प्रवेश के लिए 31 जुलाई की तिथि निर्धारित की थी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के प्रवेश की सूचना समर्थ पोर्टल पर दर्ज करनी थी। लेकिन अभी तक एचआरपीजी काॅलेज में आधी सीटें ही भर पाई हैं।
प्राचार्य प्रोफेसर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि स्नातक में बीए, बीएससी और बीकाम की कुल 1500 सीटें हैं, अभी तक 800 सीटें ही भर पाई हैं। 31 जुलाई को प्रवेश का अंतिम दिन है। अभी प्रवेश की तिथि नहीं बढ़ाई गई है। यह निर्णय सिद्धार्थ विश्वविद्यालय को लेना है। उन्होंने बताया कि उम्मीद से कम नामांकन हुआ है। अगर प्रवेश की तिथि बढ़ती है तो नामांकन की प्रकिया तेज की जाएगी।