समायोजित शिक्षक अपराह्न तीन बजे शिक्षा मित्र संघ के अध्यक्ष रणजीत राय के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचे और सीडीओ का घेराव किया।
घेराव के दौरान समायोजित शिक्षकों ने कहा कि सचिव उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व वित्त एवं लेखाधिकारी को निर्देश दिया था कि शिक्षा मित्र से सहायक अध्यापक पद पर समायोजित किए गए शिक्षकों को वेतन व अवशेष भुगतान दस फरवरी तक अवश्य कर दें, लेकिन समय सीमा समाप्त होने के बाद भी समायोजित शिक्षकों को अभी तक भुगतान नहीं किया गया।
समायोजित शिक्षकों ने चेतावनी दिया कि यदि वेतन व बकाया भुगतान जल्द ही नहीं दिया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
घेराव के बाद समायोजित शिक्षकों ने जिलाधिकारी को संबोधित मांग पत्र मुख्य विकास अधिकारी को दिया।
घेराव करने वालों में शिक्षा मित्र संघ के महामंत्री विनोद यादव, नितिश सिंह, महेंद्र सिंह, विजय प्रताप सिंह, हनुमान चौरसिया,श्रवण कुमार यादव, अजय कुमार भारती, दिनेश पांडेय, राजकिशोर सहित तमाम शिक्षक शामिल रहे।