संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अब राजकीय विद्यालयों में पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों को मेधावी बनाने के लिए नई पहल शुरू की है। इसके तहत पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों के लिए सीखो आगे बढ़ो योजना के तहत हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में विषयवार अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन होगा।
उपचारात्मक शिक्षा योजना के तहत इसका मुख्य उद्देश्य गणित, विज्ञान व अंग्रेजी जैसे कठिन विषयों में विद्यार्थियों की समझ को मजबूत बनाना है। जिले में 20 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षण सत्र 2025-26 में सीखो आगे बढ़ो योजना लागू की गई है। इसके तहत कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर अलग-अलग विषयों की कक्षाएं चलाई जाएंगी।
योजना के तहत 25 प्रतिशत विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इनमें वह छात्र शामिल होंगे जो बीमारी, अनुपस्थिति या आत्मविश्वास की कमी के कारण पढ़ाई में पीछे रह जाते हैं। कक्षा नौ और 10 के लिए विज्ञान, गणित, हिंदी व अंग्रेजी विषयों की विशेष कक्षाएं लगेंगी, जबकि कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को गणित, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान व जीव विज्ञान विषयों में अतिरिक्त मार्गदर्शन दिया जाएगा।
पढ़ाई पूरी होने के बाद विद्यार्थियों का मूल्यांकन परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा और प्रत्येक छात्र की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाएगी। डीआईओएस हरीशचंद नाथ का कहना है कि इस योजना के तहत कमजोर छात्रों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त कक्षाओं में पढ़ाया जाएगा। ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।