खलीलाबाद तहसील पर जन समस्या सुनते एडीएम और एसपी-स्रोत सूचना
संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 123 मामले आए, जिसमें से 24 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जबकि 14 मामलों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण के लिए टीमें भेजी गईं। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर एडीएम ने कार्रवाई की चेतावनी दी।
एडीएम वित्त व राजस्व जयप्रकाश व पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने खलीलाबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के पर जन सामान्य की शिकायतों की सुनवाई की। निस्तारण योग्य प्रकरणों को मौके पर निस्तारित कराया गया। शेष प्रकरणों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया। एडीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है। इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
खलीलाबाद तहसील में कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। छह काे तत्काल निस्तारित कर दिया गया। दो प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के लिए टीमें भेजी गईं। इस दौरान सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, एसडीएम खलीलाबाद अरुण कुमार, तहसीलदार आनंद ओझा आदि उपस्थित रहे।
मेंहदावल तहसील में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने समस्या सुनी। यहां पर कुल 36 प्रार्थना पत्र आए, मौके पर छह प्रार्थना पत्रों का निस्तारण करवाते हुए शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए अविलंब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। चार प्रार्थना पत्रों का मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीमें भेजी गई। यहां पर एसडीएम मेंहदावल संजीव राय, तहसीलदार अल्पिका वर्मा आदि मौजूद रहे। धनघटा तहसील में एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। धनघटा में कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर 12 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। पांच प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीमें भेजने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर एसडीएम धनघटा डॉ. सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।