संतकबीरनगर। संभागीय परिवहन विभाग मार्च माह में राजस्व वसूली को लेकर विशेष जांच अभियान चलाएगा। विभाग का 4732 वाहन संचालकों पर 19 करोड़ 29 लाख रुपये का राजस्व बकाया है। जिसकी वसूली न हो पाने के वजह से पूरे महीने वाहनों की सघन जांच अभियान चलेगी।
परिवहन विभाग ने बकाया टैक्स वसूली के लिए नवंबर माह से लेकर फरवरी महीने तक एक मुश्त समाधान योजना को धरातल पर उतारा था। योजना के तहत ऐसे वाहन स्वामी जिनके व्यवसायिक वाहन के खिलाफ कर बकाया है और वह कर के भुगतान में विलंब पर लगने वाले जुर्माना से छूट चाहते हैं तो निर्धारित तिथि के भीतर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत होकर अपना आवेदन प्रस्तुत करके और निर्धारित शुल्क जमा करके अपना पंजीकरण करा सकते थे।
पंजीकरण कराने के बाद बकाया कर पर लगने वाले जुर्माना की राशि को अदेय करते हुए बकाया कर की धनराशि एकमुश्त जमा कराया जाना था। पंजीकरण शुल्क की धनराशि हल्के मोटर यान के लिए 200 रुपये तथा अन्य के लिए 500 रुपये निर्धारित की गई थी। ऐसे वाहन स्वामी जिनका मामला न्यायालय में लंबित है जिनके जुर्माना के खिलाफ अपील उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र या उप परिवहन आयुक्त यात्रीकर के समक्ष लंबित हो वह भी आवेदन के लिए पात्र थे।
इसके बाद भी टैक्स बकाया वाले वाहन स्वामियों ने कोई रुचि नही लिया। इधर विभागीय अधिकारियों ने अब कड़ा रुख अख्तियार किया है। मार्च में पूरे महीने सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। टैक्स बकाया वाले 4732 वाहन संचालक अधिकारियों के रडार पर हैं। जांच के दौरान पकड़ में आने पर संबंधित वाहन संचालक से बकाया वसूली होगा।