संतकबीरनगर। खंड शिक्षा अधिकारी हैंसर बाजार ज्ञान चंद मिश्र ने जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विकास खंड क्षेत्र में जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं पाई गई है। कुछ स्थानों पर कार्य अधूरा रहने की सूचना प्राप्त हुई है। इसे देखते हुए सभी संबंधित कार्मिकों को अपने आवंटित दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की भावी विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में प्रत्येक प्रगणक एवं सुपरवाइजर का दायित्व है कि वह पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य संपादित करे।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर कार्य में शिथिलता, त्रुटि अथवा अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा उसकी व्यक्तिगत जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मियों से जनगणना 2027 के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का आह्वान किया।