सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग पर पैड़ी-कोइलसा के बीच शुक्रवार रात मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद दुधारा पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार सेहुड़ा गांव निवासी अरमान अहमद (18) दोस्त मोहम्मद काशिफ (18) के साथ शुक्रवार रात सेमरियावां में नुमाइश देखने जा रहा था। रात करीब साढ़े नौ बजे पैड़ी-कोइलसा मार्ग पर उनकी बाइक मिट्टी लदे डंपर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को कैली चिकित्सालय, बस्ती पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अरमान अहमद को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मोहम्मद काशिफ को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा ने बताया कि डंपर कब्जे में ले लिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अरमान अहमद दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। पिता जाकिर हुसैन की करीब एक वर्ष पहले हृदयघात से मौत हो चुकी है। परिवार में मां अकालबुननिशां, बड़ी बहन कहकशां खातून, बड़ा भाई जीशान और छोटी बहन मंतशा हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार में युवक की मौत से चीख पुकार मची है।