जिला अस्पताल में भर्ती जितेन्द्र चौधरी तथा मौके पर मौजूद पुलिसबल
धनघटा/बड़गो। एक युवक ने अपने ही गांव के दो लोगों पर कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र फरेंदिया और खोजवा के बीच स्थित शारदा देवी इंटर काॅलेज के पास पेट में चाकू मारने और सोने के जेवर व नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि घायल वक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार महुली थानाक्षेत्र के बेल्डुहा गांव के निवासी जितेन्द्र चौधरी (22) पुत्र रामचेत चौधरी के पेट में संदिग्ध परिस्थितियों में चाकू लग गया। उसे दोपहर में जिला चिकित्सालय लाया गया। वहां से उसने पुलिस को फोन किया और बताया कि उसके साथ लूट हुई है। इस घटना की जानकारी पाकर कोतवाली खलीलाबाद की पुलिस के साथ ही पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह महुली क्षेत्र के गिठनी में सोने का जेवर खरीद रहा था। इस दाैरान दो लोग उसकी रेकी कर रहे थे। जब वह जेवर खरीदकर जाने लगा तो रेकी कर रहे लोग उसके पीछे लग गए।
आरोप है कि रास्ते में उन लोगाें ने उसे रोककर उसके साथ मारपीट की और सोने का जेवर छीन लिया। आरोपियों ने उसके पास रखे रुपये भी छीन लिए और मौके से फरार हो गए। युवक का आरोप है लूट करने वाले दो लोगों को वह पहचानता है वे उसके गांव के ही हैं। उनसे उसके परिवार के साथ पुराना विवाद चल रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चाकू से उसके पेट में बाएं तरफ कट गया है।