संतकबीरनगर। थाना दुधारा क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती ने चौकी बनकटिया में तहरीर देकर माधोपुर निवासी युवक पर आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में जानकारी दी कि करीब दो वर्ष पूर्व उसकी शादी की बात माधोपुर निवासी आकाश निषाद पुत्र शिवसागर निषाद के साथ तय हुई थी, लेकिन युवक की कथित शराबखोरी और आपराधिक प्रवृत्ति के कारण करीब 10 माह पूर्व रिश्ता टूट गया था। रिश्ता टूटने के बाद युवक ने सात मई को युवती की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें उसके परिजनों के व्हाट्सएप नंबर और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकी दे रहा है तथा एआई टूल के माध्यम से फर्जी फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। आरोपी ने पिस्टल के साथ अपनी फोटो भेजकर भयभीत करने का प्रयास किया।
कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।