- मेंहदावल क्षेत्र के बेलहर कला क्षेत्र का मामला, भेजा गया जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के बेलहर कला में स्थित ग्राम पंचायत भरवलिया खुर्द में जमीन बैनामा करने के मामले में दर्ज केस में आरोपी को मेंहदावल पुलिस ने हिरासत में लेते हुए जेल भेजा है।
बेलहर कला क्षेत्र के भरवलिया खुर्द में लंबे समय से लापता नाथूराम की जगह जनपद सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ क्षेत्र निवासी चंद्रशेखर चौधरी ने खुद को नाथूराम बनकर भू-माफियाओं को जमीन रजिस्ट्री कर दिया था। इस मामले में नाथूराम की बहन जो थाना कैंपियरगंज क्षेत्र की रहने वाली है। जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर रजिस्टार रजिस्ट्री विभाग मेंहदावल की तहरीर पर मेंहदावल पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध ढाई माह पूर्व केस पंजीकृत किया था। जिस पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एसआई सत्येंद्र यादव के नेतृत्व में आरोपी चंद्रशेखर चौधरी पुत्र राममिलन निवासी ग्राम सियावनानकार थाना शोहरतगढ़ जनपद सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेजा है।