संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मोतीनगर निवासी एक महिला ने अपनी बहू और तीन अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बृहस्पतिवार को कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोतीनगर निवासी विमला देवी वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि उनकी बहू सुमन पत्नी लक्की चंद्र वर्मा आए दिन गाली गलौज और घर में विवाद करती है। आरोप है कि वह घर का सामान मायके भेज देती है। पीड़िता के अनुसार, नौ अक्तूबर की शाम करीब चार बजे लखन वर्मा, लाल बाबू वर्मा, राहुल वर्मा और एक अज्ञात साथी के साथ घर पहुंची। आरोप है कि सभी ने गालियां देते हुए मारपीट की और घर में तोड़फोड़ की।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सभी चले गए। घटना में उनको काफी चोट आई है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद