मेंहदावल। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने, धर्म परिवर्तन कराने और निकाह करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को किशोरी को रोडवेज तिराहा के पास से बरामद किया। सोमवार को आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भिजवा दिया गया।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने 23 अगस्त को पुलिस को तहरीर देकर जानकारी दी थी कि उसकी 16 वर्षीय बहन घर से लापता हो गई है। तलाश के दौरान पता चला कि गांव के मुश्ताक के पोल्ट्री फॉर्म पर काम करने वाला बखिरा थाना क्षेत्र के सई बुजुर्ग निवासी मोहम्मद सलीम उसे अपने साथ ले गया है। इस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी किशोरी को लेकर मुंबई चला गया है। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसी बीच आरोपी के किशोरी के साथ लौटने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर शनिवार को रोडवेज तिराहा के पास से किशोरी को बरामद कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी ने किशोरी का धर्म परिवर्तन कराकर उसका नाम सलमा खातून रख दिया और उससे निकाह किया। किशोरी के नाबालिग होने और धर्म परिवर्तन से जुड़े तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी में उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा और बीएनएस की धारा की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने सोमवार को आरोपी मोहम्मद सलीम को उसके गांव सई बुजुर्ग से गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।