संतकबीरनगर। जनपद की सीमा में नेशनल हाईवे पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके लिए हाईवे के किनारे खड़े ट्रक व ट्रेलर वजह बन रहे हैं। चालक अक्सर रात के समय अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा करके खाना खाने चले जाते हैं। साथ ही वहीं होटल व ढाबा पर आराम फरमाते हैं। इसका खामियाजा राहगीरों को भुगतना पड़ता है और वे हादसों का शिकार हो जाते हैं। कई को तो जान तक गंवानी पड़ती है।
नेशनल हाइवे पर जनपद की सीमा में आए दिन हादसे होते हैं। सबसे ज्यादा बड़े वाहन ढाबों पर खड़े नजर आते हैं। रात व दिन में यहां वाहन एक के पीछे एक खड़े रहते हैं। रात के समय तो आलम और भी भयंकर होता है, यहां से निकलने में भी डर बना रहता है। नियमित चेकिंग न होने और चालान न होने की वजह से यहां हादसे का डर बना रहता है। छुटपुट मामले तो यहां प्रतिदिन होते रहते हैं। बरसात के मौसम में इन ढाबों के पास हादसे की अधिक आशंका रहती है। ट्रक मिट्टी में खड़े होकर हाईवे पर आते हैं तो मिट्टी सड़क पर जमा हो जाती है। बरसात में इस मिट्टी से फिसलकर बाइक सवार हादसे का शिकार हो जाते हैं।
सर्विस लेन पर खड़ी ट्रक से भिड़ी स्कार्पियों
खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास पर 7 फरवरी को सर्विस लेन पर खड़ी ट्रक से स्कार्पियों भिड़ गया। गोरखपुर जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के भीटी रावत गांव निवासी सत्यम कुमार अपने मित्रों के साथ दिल्ली में एक दोस्त के शादी में गए थे। उनके साथ हरपुर बुदहट निवासी निक्कू रावत, अभी, आयुष, हर्षित, शिवम सिंह, टिक्कू वर्मा व एक अन्य युवक भी गए हुए थे। शादी के दिन ही खाना खाकर वह लोग वापस गोरखपुर के लिए निकल गए थे। खलीलाबाद बाईपास के नीचे वह लोग चाय पीने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह सर्विस लेन पर पहुंचे तभी अज्ञात कारणों से उनकी स्कार्पियों अनियंत्रित होकर सड़क पर किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से भीड़ गई।
खराब खड़ी ट्रक में भिड़ा बाइक चालक व बोलेरो
24 जनवरी को बखिरा थाना क्षेत्र के बघुआ गांव के पास सड़क किनारे दो दिनों से खड़ी खराब ट्रक से खलीलाबाद से बखिरा की ओर जा रहे बाइक सवार अविनाश पाठक निवासी ग्राम खुटवा पीछे से जा घुसे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को गंभीर रूप से चोटें आई। इसके बाद अगले दिन सुबह खलीलाबाद से महराजगंज की ओर जा रही एक बोलेरो भी इसी खड़ी ट्रक में पीछे से टकरा गई। जिसमें बोलेरो सवार कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई की जाती है। कई बार ढाबों पर जाकर ही चालान किए गए हैं। इसके लिए हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान जो भी वाहन खड़ा मिलेंगे उन पर कार्रवाई होगी।
प्रियंवदा सिंह, एआरटीओ