धनघटा। रामजानकी मार्ग पर देर रात को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत हो गई। जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है। अस्पताल की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के चौरा कला गांव निवासी 45 वर्षीय लालजी अपने 18 वर्षीय बेटा शिवम के साथ बाइक से अपने साढू के लड़के की शादी में शरीक होने जा रहे थे। रिश्तेदार के लड़के की शादी में शामिल होने के लिए लालजी दो दिन पहले दिल्ली से घर लौटे थे। बेटा शिवम बाइक चला रहा था। जबकि पिता लालजी पीछे बैठे हुए थे। धनघटा में खलीलाबाद मार्ग पर एचडीएफसी बैंक के सामने जब वह पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में लालजी और शिवम सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीर और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गई। जहां डॉक्टर ने लालजी को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल शिवम को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर, हादसे से परिवार में चीख पुकार मच गई। शादी समारोह में मातम छा गया। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।