अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। बंडा बाजार में शुक्रवार शाम को साइकिल सवार दो बालकों को टक्कर मारकर भाग रहे चालक को कार समेत लोगों ने धनघटा चौक से पहले ही पकड़ लिया। मौके पर जुटी भीड़ ने कार चालक की पिटाई की और कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उधर, घायल बालकों को इलाज एक प्राइवेट चिकित्सक के वहां पहुंचाया। बाद में पहुंची पुलिस चालक समेत कार को लेकर थाने चली गई।
बंडा बाजार निवासी राजेश चौधरी का 11 वर्षीय पुत्र अमन और रामप्रीत चौधरी का 12 वर्षीय पुत्र राजू एक ही साइकिल से घर की ओर जा रहे थे। अभी वह शिव मंदिर के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान खलीलाबाद की तरफ से तेज रफ्तार से गुजरी कार ने साइकिल सवार दो बालकों को चपेट में ले लिया। चालक कार लेकर भाग रहा था कि बाइक सवार युवकों ने पीछा कर धनघटा चौक के पहले ही कार के साथ चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और कार व चालक को थाने लेकर चली गई। इसी तरह प्रजापतिपुर गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से 12 वर्षीय सूरज पुत्र धर्मेंद्र घायल हो गए। घटना के बाद जुटे लोग घायल को उपचार के लिए सीएचसी मलौली में भर्ती कराए।