मगहर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रैना पेपर मिल के पास शुक्रवार को ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मां-बेटे को निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल मां-बेटे को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली और बाइक को कब्जे में ले लिया।
महुली क्षेत्र के ग्राम अलीनगर(नाथनगर)निवासी धीरेंद्र कुमार शुक्रवार को बाइक से अपनी मां श्याम दुलारी के साथ गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र स्थित कालेसर में अपनी मौसी के घर जा रहे थे। अभी वह लोग कोतवाली क्षेत्र के हाईवे स्थित रैना पेपर मिल के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान पीछे से गुजरी ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे घायल हो गए। जबकि बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।