सड़क हादसे में मझंरिया गंगा गांव निवासी मृतक दुर्गेश यादव की फाइल फोटो
- फोटो : KHALILABAD
दौड़ लगा रहे दो युवक बोलेरो की चपेट में आए, एक की मौत
कोतवाली क्षेत्र के पायलपार चौराहे पर हुई घटना, गंभीर रूप से घायल दूसरा युवक मेडिकल कॉलेज रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर शुक्रवार सुबह दौड़ लगा रहे दो युवक अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आ गए। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के पायलपार चौराहे पर हुए इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जुटे लोगों ने चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा गया। यहां से गंभीर हाल में उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बोलेरो को कब्जे में लेकर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मंझरिया गंगा निवासी दुर्गेश यादव (22) पुत्र रामअवध यादव और योगेंद्र यादव (21) पुत्र राजाराम यादव के साथ शुक्रवार भोर में करीब साढ़े चार बजे पायलपार चौराहे पर दौड़ लगा रहे थे। इसी बीच महुली की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे में दुर्गेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं योगेंद्र घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ने गाड़ी रोककर भागने की कोशिश की। लेकिन उसे वहां मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। युवक की मौत की सूचना घर पर पहुंचते ही कोहराम मच गया। कोतवाल श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि चालक पुलिस की हिरासत में है और बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।