संतकबीरनगर। लोगों का स्वास्थ्य खाता तैयार करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न ब्लॉकों में आभा आईडी बनाई जा रही है। इस दौरान 614 लोगाें की आभा आईडी बनाई गई है। अभियान में और तेजी लाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि शासन के निर्देश पर शतप्रतिशत लोगों की आभा आईडी बनाई जानी है। इसके लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सांथा, बेलहरकला, मेंहदावल, बघौली, सेमरियावां, खलीलाबाद, नाथनगर, हैंसर बाजार व पौली में आभा आईडी बनाई गई है। उन्होंने बताया कि अभियान में लगे स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि प्रतिदिन अधिक से अधिक लोगों की आभा आईडी बनाएं, ताकि जल्द से जल्द लक्ष्य हासिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि यह अभियान निरंतर चलता रहेगा। संवाद