मेंहदावल। लंबे समय से चल रहे एक विवाद को पंचायत में सुलझाने गए एक युवक पर दबंगों ने हमला कर दिया। जिसमें युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने वाहन से कुचलकर मारने का आरोप भी लगाया है। इस मामले में मेंहदावल पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अमरेंद्र कुमार यादव पुत्र श्याम मोहन यादव निवासी छपिया अंगद शनिवार को करमैनी में विवाद सुलझाने एक पंचायत में गए थे। अमरेंद्र का आरोप है कि इस दौरान विपक्षी राजेश्वर यादव सहित उनके सहयोगियों ने उन्हें गाली देते हुए उनपर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि विपक्ष के लोगों ने चार पहिया वाहन से पीछा करते हुए मेरे ऊपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
इसके बाद कुछ लोगों ने वाहन पर पथराव कर दिया। दूसरे पक्ष के राजेश्वर सहित अन्य लोगों ने भी अमरेंद्र व उनके सहयोगियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मेंहदावल पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। मेंहदावल थाने पर दोनों पक्षों का जमावड़ा देर शाम तक लगा रहा। अमरेंद्र यादव का भाई व राजेश्वर दोनों जिला पंचायत चुनाव के भावी प्रत्याशी है। यह भी मारपीट का एक कारण बना है।
दोनों में पहले से ही चुनाव को लेकर तनातनी थी। इस मामले में मेंहदावल पुलिस ने राजेश्वर, राजमंगल, शिवानंद, शिवशंकर के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने कहा कि प्रथम पक्ष को ज्यादा चोटें आई थीं, जिसके कारण उनका केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।