मुंबई में ट्रेन की चपेट से युवक की मौत
फोन पर मिली पति की मौत की खबर तो बिलख पड़ी पत्नी
बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं गांव के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
भिटवा बाजार। बखिरा क्षेत्र के कुसुरू खुर्द गांव निवासी एक युवक की रविवार को मुंबई में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वहां रहने वाले गांव के साथियों ने घटना की सूचना पीड़ित परिजनों को फोन पर दी तो कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
कुसुरूखुर्द निवासी 23 वर्षीय रवींद्र पुत्र रामशब्द मुंबई के चिपलौन इलाके में रहकर मजदूरी करता था। वह तीन महीने पहले ही घर से मुंबई गया था। रविवार को मुंबई में ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। इधर, जैसे ही उसकी मौत की खबर परिजनों को मिली, वैसे ही कोहराम मच गया। पत्नी गुड़िया ने बताया कि मुंबई रहने वाले गांव के लोगों ने घटना की सूचना फोन पर दी। लोगों ने बताया कि सुबह पति काम पर जा रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग पार करते दौरान सामने से गुजरी लोकल ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक रवींद्र मां-बाप व भाइयों से अलग रहता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इसमें बेटी अर्चना (3) और बेटा गिरजेश (1) वर्ष हैं। परिजनों ने बताया कि घर की आर्थिक हालत खराब होने की वजह से रवींद्र मुंबई कमाने गया था। ग्रामीणों ने बताया कि अब उसकी पत्नी और बच्चों की देखभाल कौन करेगा। इसको लेकर लोग चिंतित थे।