संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के बखिरा मेंहदावल मार्ग स्थित नगवां तिराहे पर शुक्रवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से भाई को परीक्षा दिलाने जा रहे युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। जहां पर एक की हालत गंभीर देखकर चिकित्सक की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं सूचना के मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनी उर्फ देउरवा निवासी जितेंद्र 25 वर्ष पुत्र सर्वजीत यादव अपने छोटे भाई राजन को हाई स्कूल का परीक्षा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से खलीलाबाद शहर के सीबी मिश्रा इंटर काॅलेज पटखौली में जा रहे थे। खलीलाबाद बखिरा मार्ग पर बनकटिया एवं बड़गो के बीच नगवां गांव तिराहा के पास पहुंच की उनके बाइक में एक अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं छोटे भाई राजन के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आई थी। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखकर उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी भी दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।
मौत की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे लोग
जितेंद्र के मौत की सूचना पर उसके रिश्तेदार एवं अन्य लोग पोस्टमार्टम हाउस पर जुट गए। सभी लोग मृत युवक के परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। पिता सर्वजीत ने बताया कि जितेंद्र चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई राजन हीरालाल इंटर काॅलेज में पढ़ाई कर रहा है। आज उसी की परीक्षा थी। जिसे वह सेंटर पर छोड़ने के लिए जा रहा था और हादसे का शिकार हो गया।