भगौतीपुर गांव निवासी मृतक हाशिम का फाइल फोटो
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के भगौतीपुर गांव के 23 वर्षीय हाशिम की उड़ीसा प्रांत में रविवार को रहस्यमय हालात में मौत हो गई। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक हाशिम के मुंबई में मौजूद मौसा शव लेने उड़ीसा प्रांत पहुंच गए हैं। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को शव घर पहुंचेगा।
क्षेत्र के भगौतीपुर गांव के हाशिम पुत्र जुम्मन कुछ माह पूर्व रोजी-रोटी की तलाश में उड़ीसा गया हुआ था। रविवार को हाशिम का शव कार्यस्थल फैक्टरी के निकट संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की सूचना परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से गांव दहल उठा। हाशिम के पिता जुम्मन ने बताया कि मौत की असली वजह उन्हें नहीं पता चल पाई है। उन्होंने बताया कि हाशिम कुछ माह पूर्व रिश्तेदार के साथ मुंबई गया था। इसके बाद वह उड़ीसा चला गया। वहां वह नट बोल्ट की फैक्टरी में लग गया था।