संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। महाशिवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को तामेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं भीड़ रही। लोगों ने शिवलिंग का जलाभिषेक कर मेले में जरूरत के सामानों की खरीदारी की। मेले में आए लोगों ने मनोरंजन का लुत्फ भी उठाया।
पूर्व प्रधान नरेंद्र नाथ भारती, शक्तिदत्त भारती, शशांक भारती ने बताया कि करीब एक महीने तक तामेश्वरनाथ धाम में चलने वाले महाशिवरात्रि मेले में दूसरे दिन भी लोगों की काफी भीड़ रही। शिव मंदिर पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई थी। फुल, बेलपत्र, चंदन, अच्छत के साथ शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर धूप और दीप जलाए। मेले में लकड़ी, लोहे और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही।
मेले में बिक रही विभिन्न प्रकार की मिठाई जिसमें खजला, जलेबी, गट्टा की लोगों ने खरीदारी की। मनोरंजन के लिए परिसर में लगा मौत का कुआं, थिएटर और झूला लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। तामेश्वरनाथ मेले में लगती थी कोर्ट, सुलझाए जाते थे जमीन के मसले : हरिहरपुर। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रह्म शंकर भारती ने बताया कि आधुनिकता और संसाधन ने आज मेले का स्वरूप बदल दिया है। उन्होंने बीते दिनों की यादें ताजा करते हुए बताया कि आज से करीब तीन दशक पहले मेले में एसडीएम की कोर्ट लगती थी, जिसमें जमीन से संबंधित विवादों की सुनवाई की जाती थी।