संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास पर सड़क किनारे खड़ी कार में रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार मालिक की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महुली थाना क्षेत्र के छिन्ही गांव निवासी फहीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 सितंबर को वह कार से बस्ती से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। मेंहदावल बाईपास पर उन्होंने सड़क के बाईं ओर कार खड़ी की थी। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस के चालक संतोष मिश्रा निवासी बनकसही, थाना मुंडेरवा, बस्ती ने लापरवाही से बस चलाते हुए कार के अगले हिस्से के दाहिने तरफ टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फहीम ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।