संतकबीरनगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय के आकस्मिक कक्ष में मंगलवार को एक व्यक्ति को एंबुलेंस से मृत अवस्था में लाया गया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार जिला चिकित्सालय के वार्ड ब्वाय परमात्मा और दिनकर ने कोतवाली खलीलाबाद पहुंचकर मेमो दाखिल किया। इसमें बताया गया कि मधई पुत्र लखराज, निवासी बानपुर, थाना लालगंज बस्ती को एंबुलेंस से संयुक्त जिला चिकित्सालय के आकस्मिक कक्ष में लाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत अवस्था में पाया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को शव के पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के भतीजे बेचन ने जानकारी दी कि उनके चाचा को सांप ने काट लिया था। इसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय बस्ती में भर्ती कराया गया था। गंभीर स्थिति देखकर चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया था। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में चाचा की स्थिति नाजुक हो गई। इसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय में दिखाने के लिए लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।