संतकबीरनगर। जिले में प्राइवेट कंपनियों द्वारा ग्राहकों को ठगने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मुखलिसपुर में एक कंपनी के कर्मियों द्वारा महिलाओं के दस्तावेज का इस्तेमाल कर 90 लाख रुपये गबन का मामला अभी थमा भी नहीं था कि नाथनगर में एक निजी बैंक के दो कर्मियों ने 41 ग्राहकों से करीब 10.86 लाख रुपये हड़प लिए। मामले की शिकायत शाखा प्रबंधक ने एसपी से की है। उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं।
महुली थाना क्षेत्र के भिटनी दुधारी, नाथनगर में संचालित एक प्राइवेट बैंक के प्रबंधक राहुल वर्मा ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि शाखा में देवरिया जनपद के दो कर्मचारी कार्यरत हैं। इन्होंने 41 ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी की है। दोनों कर्मियों ने 12 लाख 83 हजार 365 रुपये गबन कर लिए, जिसमें एक लाख 96 हजार 371 रुपये की वसूली हुई है। शेष बकाया 10 लाख 86 हजार 994 रुपये उन्हीं दोनों कर्मचारियों के पास है।
शाखा प्रबंधक ने पत्र में बताया कि दोनों कर्मी बिना सूचना के गायब हैं। इस संबंध में सभी 41 ग्राहकों ने शिकायत भी की है। इस मामले में सीओ धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने कहा कि शिकायती पत्र मिला है। जांच की जा रही है, उसमें जो तथ्य सामने आएंगे उससे संबंधित रिपोर्ट बनाकर भेज दी जाएगी।
-
मुखलिसपुर में गबन के आरोपी कर्मियों की तलाश तेज
- प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने हड़पे हैं 90 लाख रुपये
महुली। मुखलिसपुर में प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लोन पत्रावलियों में जालसाजी करके 90 लाख रुपये के गबन मामले की जांच महुली पुलिस ने तेज कर दी है। गबन के आरोपी कर्मचारियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है। एसओ दुर्गेश पांडेय ने बताया कि टीम जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश करेगी।
कंपनी के कर्मियों ने बेहद शातिराना तरीके से इसे अंजाम दिया था। उन्होंने पहले महिलाओं की फोटो और आईडी ली, फिर नाम बदलकर अपनों के खातों में राशि को ट्रांसफर कर दिया। कर्मचारियों ने 197 महिलाओं के कागजात का इस्तेमाल किया था। उन्होंने महिलाओं को कंपनी के फायदे बताकर उनके घर का भी फोटो मंगा लिया था। इसके बाद आधार कार्ड व कागजातों में एडिट कर नाम बदल दिया, फिर बाद में अपनों के खातों में राशि को ट्रांसफर कर दिया। आरोपियों ने अगस्त 2025 से सितंबर 2025 के बीच इसे अंजाम दिया।
मिर्जापुर जिले के परजापतिपुर गांव निवासी व फाइनेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक रघुवीर की तहरीर पर महुली पुलिस ने कर्मचारी अभय कुमार तिवारी निवासी बरियारपुर बलिया, वीरेंद्र निवासी रामनगर मुडैल जिला फर्रुखाबाद, शिवा वर्मा निवासी आम थाना पैकवलिया, बस्ती और अकरम हुसैन निवासी खुरहुरिया अकडंगा थाना शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर पर प्राथमिकी दर्ज की। संवाद
कुनौला में ग्रामीण ने कर ली थी खुदकुशी
हरिहरपुर। जुलाई 2025 में गंगा देवरिया के कुनौला गांव निवासी एक व्यक्ति ने कंपनी के एजेंटों की वसूली से त्रस्त होकर खुदकुशी कर ली थी। उसकी पत्नी और गांव की महिलाओं का आरोप था कि दिए गए कर्ज की वसूली के लिए कंपनी के एजेंट सख्ती करते थे। मारपीट पर भी उतारु हो जाते थे। संवाद