मृतक सुमित्रानंदन शर्मा की फाइल फोटो
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के पायलपार चौराहे पर शुक्रवार की देर रात अनाज लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार शिवसरा निवासी सुमित्रानंदन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर परिजन अयोध्या रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के शिवसरा गांव निवासी सुमित्रानंदन शर्मा (59) खलीलाबाद शहर के किसी सेठ के यहां चालक का काम करते थे। शुक्रवार को वह छुट्टी मिलने पर बाइक से घर जा रहे थे। पायलपार चौराहे पर गांव की तरफ मोड़ते समय अनाज लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने उन्हें रौंद दिया। ट्रैक्टर का अगला पहिया उनके ऊपर चढ़ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर परिजन व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करके पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भिजवा दिया। साथ ही अनाज लदा ट्रैक्टर ट्राली अपने कब्जे में लेकर तामेश्वरनाथ चौकी पर खड़ा करवा दिया। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
मुखिया की मौत से परिवार पर टूटा दुख का पहाड़ : अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से सुमित्रानंदन की मौत के बाद उनके परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। सुमित्रा के छह भाई सभी अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहते हैं। बाइक से घर जाते समय सुमित्रानंदन की अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से हुई मौत की घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के बाद गांव परिवार व रिश्तेदार सभी घर पर पहुंचकर परिजनों को ढ़ाढस बंधाने में जुट गए। तमाम शुभेच्छु भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचकर जानकारी लेने लगे।