कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित होगा कार्यक्रम
संतकबीरनगर। जनपद में दिव्यांगजनों से संबंधित समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए सात मई को सुबह 10:00 बजे से चार चार बजे तक कलक्ट्रेट सभागार में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें भूमि, राजस्व विवाद, उत्पीड़न एवं प्रताड़ना से संबंधित प्रकरण, आवास संबंधी समस्याएं, पेंशन, दिव्यांगता प्रमाणपत्र तथा अन्य विभागीय मामलों सहित दिव्यांगजनों से जुड़े सभी प्रकार के प्रकरणों की सुनवाई कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। आवश्यकतानुसार चिकित्सा परीक्षण एवं दिव्यांगता प्रमाणन की भी व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों को दायित्व आवंटित किए गए हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था, शिकायत पंजीकरण, अभिलेख परीक्षण, तकनीकी संसाधनों एवं दिव्यांगजनों के लिए सुगम वातावरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यह पहल दिव्यांगजनों को एक ही मंच पर समस्त विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी प्रयास है।
जिला दिव्यांगजन अधिकारी ने समस्त दिव्यांगजनों से अपेक्षा की है कि वे अपने आवश्यक अभिलेखों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ प्राप्त करें।