संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के नेहियां खुर्द में ग्रामीणों ने देर शाम एक व्यक्ति को गांव के बाहर पकड़ा। काफी पूछताछ के बाद अस्पष्ट जानकारी देने पर ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी कर दी। रात्रि 8 बजे कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक किसी तरह से उस व्यक्ति को ग्रामीणों से बचाकर लाए।
रात में चोर पकड़े जाने की सूचना क्षेत्र में सनसनी की तरह फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोग पहुंच गए। चोर पकड़ने की सूचना पर मगहर चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने भी पूछताछ करने की कोशिश की लेकिन कुछ जानकारी नहीं मिली। ग्रामीणों का कहना था कि एक सप्ताह से वह गांव में पहरा दे रहे हैं। बीते दो दिनों में महिलाओं द्वारा कुछ संदिग्ध लोगों को देखा गया। लेकिन जब तक ग्रामीण एकत्र हुए तो वह भाग गए। बुधवार को देर शाम ग्रामीणों ने खेत में बैठे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। ग्रामीणों का कहना था कि आए दिन चोरी की घटनाओं से गांव में भय बना हुआ है। लेकिन पुलिस कभी गांव में गश्त नहीं करती है आज चोर को पकड़ने पर पुलिस तुरंत पहुंच गई। पुलिस चोरों को ले जाकर बिना किसी कार्रवाई के छोड़ देती है , जिससे चोर दोबारा किसी घटना को अंजाम देते है। जब तक यह अपनी सही जानकारी नहीं बताता इसे जाने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों ने हंगामा भी करना शुरु कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि कोतवाली प्रभारी पंकज पाण्डेय फोर्स के साथ रात आठ बजे मौके पर पहुंचे और मामले को शान्त कराते हुए उस व्यक्ति को कोतवाली ले गए। कोतवाल पंकज पांडेय ने बताया कि उस व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।