छोटी बहन की जगह परीक्षा देते पकड़ी गई बड़ी बहन
संतकबीरनगर। बुधवार को एचआर इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में सगी छोटी बहन की जगह परीक्षा देती हुई बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा पकड़ी गई। केंद्र व्यवस्थापक ने पकड़ी गई छात्रा को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
एचआर इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्था अरुण कुमार ने बताया कि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा चल रही थी। उसी दौरान अपनी छोटी बहन की जगह बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा बैठक कर परीक्षा देते पकड़ी गई। कक्ष निरीक्षक ने जैसे ही इसकी जानकारी दी, वैसे ही पकड़ी गई छात्रा को महिला पुलिस कर्मियों के सुपुर्द कर दिया गया। डीआईओएस ने बताया कि केेंद्र व्यवस्थापक की ओर से तहरीर कोतवाली पुलिस को दी गई है। कोतवाल अजय कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की ओर से तहरीर मिली है। इस मामले में पकड़ी गई छात्रा के खिलाफ केस दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।