अलीनगर में कोटा चयन के खुली बैठक में हंगामा करते कोटेदार और लगी लोगों की भीड़।
धनघटा। नाथनगर ब्लाॅक क्षेत्र के ग्राम पंचायत अलीनगर में बुधवार को कोटा चयन की प्रक्रिया तीसरी बार हंगामे की भेंट चढ़ गई। एक उम्मीदवार ने अधिकारी पर पक्षपात का आरोप लगाया है। इस बीच एक उम्मीदवार ने जोरदार हंगामा कर दिया। इसपर अधिकारियों ने प्रक्रिया अगली तिथि तक स्थगित कर दी।
नाथनगर ब्लाॅक क्षेत्र के ग्राम पंचायत अलीनगर में बुधवार को कोटा चयन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए एडीओ पंचायत नाथनगर मैनुद्दीन सिद्दीकी, ग्राम पंचायत सचिव विकास श्रीवास्तव, शिव प्रकाश सिंह, प्रशांत यादव और अन्य कर्मचारियों के साथ प्राथमिक विद्यालय पर खुली बैठक का आयोजन किया। चयन के शुरुआत में गांव के ही नंदलाल उर्फ रंगीलाल पुत्र रामजीत, सुधाकर पुत्र विश्व मोहन, विनय कुमार पुत्र स्वर्गीय रामप्रीत चौरसिया ने उम्मीदवार के रूप में अधिकारियों के समक्ष अपना नाम पेश किया। सभी पक्षों के राय से संख्या बल के आधार पर कोटा चयन की प्रक्रिया शुरू की गई।
दोपहर लगभग 1:30 बजे सभी उम्मीदवार अपने-अपने समर्थक के साथ प्राथमिक विद्यालय में उपस्थित हुए। इस दौरान प्रत्याशी नंदलाल और सुधाकर ने ग्राम पंचायत सचिव पर सही जानकारी न देने का आरोप लगाते हुए कोटा चयन प्रक्रिया निरस्त करने की मांग करने लगे। जिस पर जोरदार हंगामा हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी लोगों को इधर-उधर किया।