संतकबीरनगर। समाजवादी पेंशन योजना में आवेदन पत्रों को भरवाने से लेकर फीडिंग कार्य में की गई गड़बड़ी ने अधिकारियों की मुसीबत बढ़ा दी है। मंगलवार को जिले के सभी 648 ग्राम पंचायतों के आवेदन पत्रों की ब्लॉकों की सूची से मिलान कर फीडिंग कार्य पूरा कर लिया गया। अब डुप्लीकेट नामों की छंटनी शुरू कर दी गई है।
सीडीओ राम नरेश ने बताया कि समाजवादी पेंशन योजना के आवेदन पत्रों की त्रुटिपूर्ण फीडिंग ने समस्या उत्पन्न कर दी थी। विकल्प के रूप में फीड किए गए मूल आवेदन पत्रों के प्रिंट आउट निकलवाने पड़े। अलग-अलग ब्लॉकों के ग्राम पंचायतवार मूल आवेदन पत्र निकलवा कर ब्लॉकों की सूची से दोबारा मिलान करवा कर फीडिंग करवाएं ,ताकि कोई गलती न रह जाए। हैंसर ब्लॉक के 79 ग्राम पंचायत नाथनगर के 86 , पौली ब्लॉक के 47, मेंहदावल ब्लॉक के 67, सांथा ब्लॉक के 63 , बेलहर ब्लॉक के 59, सेमरियावां ब्लॉक के 90, खलीलाबाद ब्लॉक के 77 और बघौली के 80 ग्राम पंचायतों की फीड़िग कार्य को पूरा करा लिया गया है। इस प्रकार जिले के सभी 648 ग्राम पंचायतों के आवेदन पत्रों की छंटनी के बाद सूची से मिलान करवा कर फीडिंग कार्य पूर्ण करा लिया गया। सीडीओ ने बताया कि छंटनी के दौरान पाया गया कि एक ही नाम तीन से चार बार फीड किए गए हैं। डुप्लीकेट नामों की भी छंटनी शुरू कराई गई है। 1.53 लाख फीडिंग नामों में से 44770 पात्रों को पेंशन का लाभ देने का लक्ष्य है। इसके लिए पात्रों को चिन्हित कराया जाएगा। ग्राम पंचायतवार चिन्हित पात्रों की प्रिंट आउट निकलवा कर दोबारा जांच कराई जाएगी। बीडीओ की देखरेख में एडीओ और सेक्रेट्री जांच कर रिपोर्ट देंगे। उसके बाद जो वास्तविक पात्र होंगे, उनको पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा।