संतकबीरनगर। 2015 की बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण कराने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नया आदेश जारी किया है। इसके तहत परीक्षा केंद्र बनाए गए विद्यालय की शिकायत अगर परीक्षा शुरू होने से पहले मिलती है तो परीक्षा केंद्र नहीं बदला जाएगा। इसके बदले वहा का पूरा स्टाफ बदल कर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने डीआईओएस को भेजे पत्र में कहा है कि केंद्र निर्धारण की संपूर्ण कार्यवाही समय सारिणी के अनुसार अनिवार्य रूप से किया जाए। केंद्र निर्धारण के उपरांत किसी भी दशा में अंतिम क्षणों में अथवा परीक्षा के दौरान केंद्र को परिवर्तित न किया जाए। किसी विपरीत परिस्थितियों में शांतिपूर्ण परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए प्रशासन व पुलिस की हर संभव मदद ली जाय। उन्होेंने कहा है कि केंद्र निर्धारण की संपूर्ण कार्यवाही परीक्षा शुरू होने की तिथि से कम से कम तीन सप्ताह पूर्व कर लिया जाय। यदि किसी केंद्र पर सामूहिक नकल की स्थिति संज्ञान में आती है तो संबंधित केंद्र पर स्टाफ बदल कर परीक्षा को कराया जाय। लेकिन किसी भी हालत में परीक्षा केंद्र को परिवर्तित न किया जाय। जिला विद्यालय निरीक्षक संध्या श्रीवास्तव का कहना है कि बोर्ड ने नया आदेश भेजा है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने को लेकर बोर्ड के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।