संतकबीरनगर। प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात लगभग 75 शिक्षकों का प्रमोशन कर उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर तैनाती दी जाएगी। प्रमोशन उन्हीं शिक्षकों का किया जाएगा, जिनकी नियुक्ति 22-8-2009 के बाद की होगी। ये सभी शिक्षक विज्ञान वर्ग और कला वर्ग के है। शासन ने इसके लिए निर्देश जारी कर दिया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 2009 तक कार्यरत शिक्षकों का पिछले वर्ष 2013 में प्रमोशन किया गया था। उसके बाद विज्ञान और गणित वर्ग के शिक्षक प्रमोशन पाने का इंतजार कर रहे थे। इधर, शासन उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित वर्ग के शिक्षकों की भर्ती कर रहा है। चार चरणों की काउंसलिंग हो चुकी है। ऐसे में विभाग ने प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत विज्ञान और गणित वर्ग के शिक्षकों का प्रमोशन करने की तैयारी की है। जनपद में 444 उच्च प्राथमिक विद्यालय है। जहां विज्ञान और कला के शिक्षकों की कमी है। बेसिक शिक्षा सचिव संजय सिन्हा ने बीएसए को पत्र भेजकर प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत विज्ञान और गणित वर्ग के शिक्षकों का प्रमोशन उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर करने को कहा है। प्रमोशन उन्हीं शिक्षकों का होगा जिनकी सेवा पांच वर्ष पूर्ण हो चुकी होगी। बीएसए कार्यालय का कहना है कि 2009 के पहले के शिक्षकों का प्रमोशन हो चुका है।
वर्जन
प्राथमिक विद्यालयों के लगभग 75 सहायक अध्यापकों का प्रमोशन किया जाना है। 2009 तक नियुक्त शिक्षकों का प्रमोशन 2013 में हुआ था। ऐसे में पांच वर्ष की सेवा कर चुके शिक्षक कम है। शिक्षकों की सूची बेसिक शिक्षा सचिव को अनुमोदन के लिए भेजी जाएगी। सचिव के वहां से अनुमोदन मिल गई तो शिक्षकों का प्रमोशन कर दिया जाएगा।
रामपाल सिंह, बीएसए