बाघनगर। सेमरियावां ब्लॉक मुख्यालय स्थित बीआरसी पर खंड शिक्षाधिकारी के देखरेख में चल रहे द्वितीय बैच के शिक्षामित्रों के बीटीसी चतुर्थ सेमेस्टर की छह दिवसीय कार्यशाला के तीसरे दिन शिक्षामित्रों से पाठ्ययोजना निर्माण कर कक्षा शिक्षण प्रस्तुतीकरण कराया गया।
खंड शिक्षाधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने शिक्षामित्रों को मीना की दुनिया कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। कहा कि प्रत्येक स्कूल दिवस में विद्यालय पर रेडियो से प्रसारण होने वाले मीना की दुनिया के कार्यक्रम को प्रसारण से पांच मिनट पहले इसकी तैयारी की जाए। कार्यक्रम के बाद बीस मिनट इस पर शिक्षकों की ओर से चर्चा की जाएगी। बताया कि मीना के कुल 103 एपीसोड सात मार्च 2015 तक प्रसारित किए जाएंगे। शिक्षक व शिक्षामित्र विद्यालय में बच्चों व आसपास के अभिभावकों को कार्यक्रम सुनने के लिए प्रेरित करें। विद्यालय में मीना रजिस्टर भी अवश्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक व शिक्षक कार्यक्रम में प्रसारित मुख्य बातें नोट करेंगे। प्रशिक्षक जफीर अली, जलालुद्दीन और फूलचंद ने विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान जावेद अहमद, इक्तेदार अहमद, सुनील कुमार श्रीवास्तव, अखिलेश श्रीवास्तव, अरशिदा खातून, पार्वती गुप्ता, मोहम्मद अरशद, भोले नाथ, मोहम्मद अहमद, मोहम्मद इब्राहीम आदि मौजूद रहे।