संतकबीरनगर। सीओ क्राइम ब्रांच के नेतृत्व में गुरुवार को स्वाट और महिला थाने की टीम ने जिला अस्पताल के निकट एक मकान में छापामारी की। यहां एक कमरे से चार महिलाएं और तीन युवक पकडे़ गए। पुलिस के मुताबिक पकडे़ गए लोग देह व्यापार के धंधे में लिप्त हैं। अड्डे पर पुलिस की छापामारी से हड़कंप मच गया।
सीओ क्राइम ब्रांच अरविंद वर्मा को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला अस्पताल के निकट एक मकान में देह व्यापार होता है। सीओ ने स्वाट प्रभारी संजय राय और एसओ महिला थाना मंजू पांडेय को उनकी टीम के साथ बुलवा लिया। सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिह्नित मकान में छापामारी की। कमरे में मौजूद चार महिलाएं और तीन युवक आपत्तिजनक हालत में पकडे़ गए। सीओ अरविंद वर्मा ने बताया कि पकडे़ गए लोग देह व्यापार में लिप्त हैं। पकड़ी गई महिलाओं में एक गोरखपुर स्थित प्राइवेट अस्पताल की नर्स है और आरपीएफ सिपाही की तलाकशुदा पत्नी बताई जा रही है। जबकि एक युवती महराजगंज जिले की रहने वाली है। मकान की मालकिन और उसकी बेटी भी पकड़ी गई हैं। पूछताछ में पता चला कि मालकिन ही देह व्यापार का रैकेट संचालित करती है। सीओ ने बताया कि पकडे़ गए लोगों में एक कोटेदार बताया जा रहा है। दूसरा युवक सहजनवां क्षेत्र का है और तीसरा खलीलाबाद का निवासी है। सीओ ने बताया कि पकडे़ गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। इनके खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
गहरी हैं सेक्स रैकेट की जड़ें
खलीलाबाद शहर में लंबे अर्से से सेक्स रैकेट का धंधा हो रहा है। इसके पूर्व भी पुलिस की छापामारी में सेक्स रैकेट से जुडे़ कुछ लोग पकडे़ गए थे। पुलिस ने अश्लील हरकत का मुकदमा दर्ज करके थाने से ही जमानत दे दी थी। सूत्रों की मानें तो इस रैकेट के तार नेपाल से भी जुडे़ है। महराजगंज, पड़रौना, बस्ती और गोरखपुर समेत आसपास के कई जिलों से युवतियां देह व्यापार के लिए बुलाई जाती हैं। युवतियों को यहां से बाहर भी भेजा जाता है। एसपी अतुल शर्मा का कहना है कि अनैतिक कारोबार किसी भी दशा में नहीं चलने दिया जाएगा। जनता से सूचना प्राप्त होने पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंचेगी।