संतकबीरनगर। मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की जांच करने देहरादून से आई सीबीआई टीम लौट गई, लेकिन सांथा ब्लॉक से जुड़े घोटालों के रिकॉर्ड को जब्त कर ले जाने से घोटालेबाजों को तनाव दे गई। अब लोकसभा चुनाव के बाद सीबीआई टीम के फिर आने की चर्चा है।
मनरेगा घोटाले में चर्चित रहा सांथा ब्लॉक सबसे पहले सीबीआई के निशाने पर आया। टीम ब्लॉक मुख्यालय गई थी। वहां कुछ चर्चित घोटालों का जिक्र भी बीडीओ और अन्य कर्मचारियों से किया था। सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने सेवहा चौबे ग्रामपंचायत की 14 फाइलों को जब्त कर कब्जे में ले लिया। इसके अलावा 36 ग्रामपंचायतों के जॉबकार्ड धारकों की सूची, मस्टर रोल रजिस्टर ले गए। इसके अलावा ब्लॉक के सभी ग्रामपंचायतों के स्वीकृति पंजिका, क्षेत्र पंचायत से कराए गए कार्यों के 96 प्रोजेक्टों की फाइल, लेजर बुक, कैशबुक, एबी रजिस्टर हासिल किया। पूर्व कमिश्नर विनोद शंकर चौबे द्वारा 39 पत्रावलियों की जांच की गई थी। उन पत्रावलियों को सीबीआई ने पहले ही हासिल कर लिया था।
शुक्रवार को गोरखपुर-देहरादून ट्रेन से सीबीआई चली गई। सूत्रों की माने तो अब सीबीआई टीम चुनाव बाद आएगी। टीम भले ही जिले से चली गई, लेकिन सांथा का अभिलेख ले जाने से घोटालेबाजों की सांसें अटक गईं हैं। उन्हें अब जेल जाने का भय सता रहा है।