सलेमपुर। मुजफ्फरपुर प्लांट से सिलिंडर की सप्लाई अचानक बंद होने से लार और भटनी रसोई गैस सर्विस की वितरण व्यवस्था चरमरा गई है। भटनी के अलावलपुर पिकेट प्वाइंट पर रसोई गैस नहीं पहुंचने से नाराज लोगों ने घांटी पुलिस चौकी के सामने भटनी-भिंगारी मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।
सुमित्रा इण्डेन गैस सिर्विस भटनी और गणेश इण्डेन गैस सर्विस लार की वितरण व्यवस्था इधर चार दिनों से ध्वस्त हो गई। सुमित्रा गैस सर्विस भटनी की तरफ से अलावलपुर में पिकेट प्वाइंट बनाया गया है। इस पिकेट प्वाइंट पर प्रत्येक रविवार को रसोई गैस का वितरण किया जाता है। तीन दिन से कतार में खड़ा होने के बाद दर्जनभर गांव के लोग लौट रहे थे। मंगलवार को सुबह रसोई गैस का वाहन नहीं पहुंची तो कतार में खड़े लोग घांटी पुलिस चौकी के सामने सड़क जाम कर दिए और एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे दो घंटा तक भटनी-भिंगारी बाजार का यातायात प्रभावित रहा। मामला बढ़ते देख दोपहर में एजेंसीकर्मी रसोई गैस सिलिंडर लेकर पहुंचे और वितरण किए। तब जाकर लोग शांत हुए। रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए एक माह से जिले के इण्डेन गैस एजेंसियों को मुजफ्फरपुर प्लांट से भी रसोई गैस सिलिंडर की सप्लाई मिलनी शुरू हो गई थी। भरपूर मात्रा में रसोई गैस मिलने से उपभोक्ताओं को आसानी से रसोई गैस उपलब्ध हो जाती थी। अचानक रसोई गैस की बिहार में किल्लत बता पहली मार्च से मुजफ्फरपुर प्लांट ने रसोई गैस की सप्लाई देने से इंकार कर दिया। वाराणसी प्लांट से रसोई गैस सिलिंडर की मांग के हिसाब से आपूर्ति नहीं होने से एजेंसियों की वितरण व्यवस्था गड़बड़ा गई है। घंटी में रसोई गैस के लिए प्रदर्शन करने वाले उपभोक्ता ब्यास यादव, डॉ. अशोक कुमार, मंटू कुशवाहा, पप्पू जायसवाल, राहुल आदि ने वितरण व्यवस्था ठीक करने की मांग की है। रसोई गैस एजेंसी के मालिक लल्लन जायसवाल ने बताया कि मुजफ्फरपुर प्लांट से रसोई गैस की अचानक सप्लाई बंद हो जाने से दिक्कत आई है। सिलिंडर उपलब्ध होते ही अलावलपुर पिकेट प्वाइंट पर रसोई गैस भेजकर वितरण कराया गया।