संतकबीरनगर। मुखलिसपुर रेलवे फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नागरिकाें ने रविवार को रेलवे क्रासिंग पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन कर रहे नागरिकाें का नेतृत्व कर रहे सभासद प्रतिनिधि मुन्ना पांडेय ने कहा कि वार्ड संख्या 24 औद्योगिक नगर में पुल के निर्माण कार्य में प्रयुक्त गिट्टी धूल युक्त है। जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता को खराब कर रही है। पीलर के लिए गड्ढा खुदने के बाद बिना ड्रेसिंग किए ही मिट्टी और कीचड़ में पीसीसी की ढिलाई की जा रही है, जो ठीक नहीं है। गड्ढे में बराबर पानी भरा होने के कारण ओवरब्रिज कभी भी गिर सकता है। उन्होंने कहा कि पुल के पास डायवर्जन रोड का निर्माण न होने से आवागमन में यात्रियों और दुकानदारों को बेहद असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। जिससे नागरिकोें में जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कई बार सेतू निगम के अधिकारियों से कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर निदान कराने की मांग की है। इस दौरान विनोद जायसवाल, विनोद त्रिपाठी, महेंद्र कुमार त्रिपाठी, संतोष कुमार, रूद्रनाथ मिश्र, उमेश चंद, गुड्डू चौबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।